Himachal Pradesh: महाशिवरात्रि के बाद से लापता पंचकूला निवासी अक्षय की तलाश अब पर्वतारोही बलजीत कौर और उनकी टीम सिरमौर जिले की सबसे ऊंची चोटी चूड़धार में करेगी। माउंट एवरेस्ट फतह कर चुकी बलजीत कौर ने युवक की तलाश का जिम्मा उठाया और रविवार को 8 सदस्यीय दल के साथ नौहराधार से चोटी के लिए रवाना हुईं। इस अभियान में उन्हें उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश के उनके पेशेवर सहयोगियों का भी सहयोग मिल रहा है, जो अक्षय को खोजने का हर संभव प्रयास करेंगे। बलजीत और उनकी टीम रविवार को चोटी पर पहुंच जाएगी, जिसके बाद वे सोमवार सुबह 6 बजे चूड़धार के लिए रवाना होंगी और अक्षय की तलाश शुरू करेंगी। इससे पहले खराब मौसम और भारी बर्फबारी के कारण प्रशासन ने दो बार रेस्क्यू ऑपरेशन रोका था।
भारी बर्फबारी और घने जंगलों के बीच चूड़धार में 12 दिनों से युवक लापता है और अभी तक उसका कोई सुराग नहीं मिल पाया है। इस अभियान में स्थानीय प्रशासन और राहत दल भी सहयोग कर रहे हैं। पूरे इलाके में लोग भगवान से प्रार्थना कर रहे हैं कि बलजीत कौर की टीम सफल हो और अक्षय सकुशल अपने परिवार के पास लौट सके।
आपको बता दें कि प्रशासन द्वारा चूड़धार चोटी पर यात्रा पर रोक लगाने के बावजूद लापता युवक अक्षय और उसका दोस्त चोटी के लिए रवाना हो गए। इनमें से अक्षय के दोस्त को बचा लिया गया, लेकिन अक्षय का अब तक कोई सुराग नहीं मिल पाया है। आपको बता दें कि चोटी पर अभी भी कई फीट बर्फबारी है, जिसके चलते युवकों की तलाश में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।