Himachal Pradesh: बिना परमिट के ट्रक को सड़क पर दौड़ाना एक चालक को महंगा पड़ गया। परिवहन विभाग ने ट्रक चालक पर 2 लाख रुपये का जुर्माना लगाया है। मौके पर जुर्माना न भरने पर ट्रक को जब्त कर लिया गया है। अब जुर्माना राशि मिलने के बाद ही ट्रक चालक को वापस सौंपा जाएगा। परिवहन विभाग की टीम ने आरटीओ रामप्रकाश के नेतृत्व में परेल के पास चेक पोस्ट बनाया हुआ था। इस दौरान बाहरी राज्य का एक ट्रक आया। यह ट्रक करियां से गैस सप्लाई कर वापस जालंधर की तरफ जा रहा था। परिवहन विभाग की टीम ने इसे जांच के लिए रोका। इस दौरान चालक ट्रक का परमिट नहीं दिखा पाया। इतना ही नहीं उसने जनवरी के बाद टैक्स भी नहीं भरा था। यह ट्रक बिना टैक्स और बिना परमिट के सड़कों पर दौड़ाया जा रहा था। यातायात नियमों का उल्लंघन करने पर आरटीओ ने मौके पर ही ट्रक का चालान कर 2 लाख रुपये का जुर्माना लगाया।
ट्रक को भी जब्त कर लिया गया है। बता दें कि परिवहन विभाग ने मानकों को ताक पर रखकर वाहन चलाने वाले चालकों के खिलाफ अभियान छेड़ रखा है। विभाग की इस कार्रवाई से बिना कागजात के वाहन चलाने वाले वाहन चालकों में हड़कंप मच गया है। आरटीओ रामप्रकाश ने बताया कि बिना टैक्स चुकाए और बिना परमिट के मालवाहक वाहन चलाना यातायात नियमों का उल्लंघन है। यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। ट्रक चालक पर दो लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया है। विभाग की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
Tags: