Himachal Pradesh: बच्चों को स्कूल ले जा रही बस, रास्ते में हुआ दुर्घटनाग्रस्त
Himachal Pradesh: ऊना ज़िले के समूर गाँव में गुरुवार को अचानक सड़क धंसने से एक स्कूल बस बीच सड़क में फंस गई। हादसे के वक़्त बस में स्कूली बच्चे सवार थे, लेकिन गनीमत रही कि कोई घायल नहीं हुआ, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। बताया जा रहा है कि इस सड़क को ग्रामीणों ने स्थानीय स्तर पर पक्का किया था। हालाँकि, पिछले कुछ दिनों से हो रही लगातार बारिश के कारण यह सड़क अंदर से खोखली हो गई थी।
जैसे ही बस उस जगह से गुज़री, सड़क धंस गई और बस उसमें फंस गई। घटना के तुरंत बाद आस-पास के ग्रामीण मौके पर पहुँचे और बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाला। घटना के बाद की तस्वीरों में साफ़ दिख रहा है कि कैसे सड़क बीच से धंस गई है और बस उसमें फंसकर एक तरफ़ झुक गई है। फ़िलहाल, बच्चे सुरक्षित हैं और अभिभावकों ने राहत की सांस ली है।