Himachal Pradesh: उपमंडल के माजरा में 25 वर्षीय युवक का शव संदिग्ध हालत में मिला है। आशंका जताई जा रही है कि मौत नशे की ओवरडोज से हुई है, क्योंकि मौके पर इंजेक्शन भी मिले हैं। जानकारी के अनुसार स्थानीय ग्रामीण गोगामेड़ी श्मशानघाट की ओर जा रहे थे। इस दौरान उन्हें एक निर्माणाधीन मकान में युवक का शव दिखाई दिया। इसके बाद ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई।
शव के पास कुछ दस्तावेज मिले हैं, जिनके आधार पर युवक की पहचान 25 वर्षीय अमन पुत्र पृथ्वी सिंह निवासी किशनपुरा भटावली के रूप में हुई है। शव के आसपास इंजेक्शन भी बरामद हुए हैं। फिलहाल पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल पांवटा साहिब पहुंचा दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असली कारणों का पता चल पाएगा। डीएसपी मानवेंद्र ठाकुर ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है।