Himachal Pradesh: यात्रा पर जा रहे दोस्तों की बाइक शाल्वी नदी में गिरी, एक की मौत
Himachal Pradesh: उत्तराखंड के विकास नगर से चूड़धार यात्रा पर जा रहे दो दोस्तों की बाइक शाल्वी नदी में गिर गई। इस हादसे में एक युवक की मौत हो गई और एक गंभीर रूप से घायल हो गया। शनिवार सुबह करीब साढ़े दस बजे दो बाइकों पर चार युवक चूड़धार यात्रा पर जा रहे थे। झमराड़ी पुलिस बैरियर से एक किलोमीटर पीछे चकवाली नामक स्थान पर एक बाइक 500 फीट नीचे शाल्वी नदी में गिर गई। पीछे बैठी नीतू शर्मा ने हादसे की सूचना 108 एंबुलेंस को दी। स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायल युवकों को नदी से सड़क तक लाया गया।
दोनों घायलों को 108 एंबुलेंस से सिविल अस्पताल नेरवा पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने हर्ष रावत निवासी गांव बढ़वाला, तहसील विकास नगर, जिला देहरादून, उत्तराखंड को मृत घोषित कर दिया, जबकि पीछे बैठे नितिन निवासी बढ़वाला गांव को प्राथमिक उपचार के बाद आईजीएमसी शिमला रेफर कर दिया गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। नेरवा के तहसीलदार कुश कुमार ने बताया कि मृतक के परिजनों को फौरी राहत दी जाएगी। डीएसपी चौपाल सुशांत शर्मा ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।