Himachal Pradesh: शिमला के ढली में एक होटल के कमरे में चचेरे भाई की हत्या के मामले में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने मुख्य आरोपी अर्जुन शर्मा को पंचकूला से गिरफ्तार किया है। आकाश पंचकूला के सेक्टर-10 के मेन मार्केट के मकान नंबर 35 का रहने वाला था। पुलिस ने तकनीकी निगरानी, मानव खुफिया जानकारी और विभिन्न टीमों के समन्वित प्रयासों के आधार पर अर्जुन शर्मा का पता लगाया और उसे 14 जून की सुबह पंचकूला (हरियाणा) के बाहरी इलाके से गिरफ्तार कर लिया। एसपी शिमला गौरव सिंह ने बताया कि मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।
जानकारी के अनुसार, आकाश शर्मा और अर्जुन शर्मा 11 जून को रात करीब 8:22 बजे ढली टनल के पास होटल ग्रैंड मैजेस्टिक पहुंचे थे। आकाश ने कानून की पढ़ाई की थी और आरोपी पंचकूला में अपने पिता के साथ सब्जी का कारोबार करता है। अब तक की जांच में पता चला है कि 13 जून की तड़के दोनों में किसी बात को लेकर बहस हुई और गुस्से में आकर अर्जुन ने कथित तौर पर पहले आकाश शर्मा के सिर पर बीयर की बोतल से वार किया और फिर कांच से उसका गला रेत दिया। एसपी शिमला गौरव सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच के आधार पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है।