Himachal: नशा तस्करों पर पुलिस का शिकंजा, 712 ग्राम चरस के साथ 2 युवक गिरफ्तार
Himachal हिमाचल: पांवटा साहिब में नशा तस्करों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए विशेष जांच इकाई (एसआईयू) की टीम ने 712 ग्राम चरस के साथ दो युवकों को गिरफ्तार किया है। एक गुप्त सूचना के आधार पर टीम को यह सफलता मिल्ला गाँव के पास मिली। गिरफ्तार आरोपी शिलाई क्षेत्र के निवासी हैं।
पुलिस जानकारी के अनुसार, एसआईयू टीम को सूचना मिली थी कि दो युवक नशे की खेप लेकर इलाके से गुजरने वाले हैं। त्वरित कार्रवाई करते हुए टीम ने मिल्ला गाँव के पास नाकाबंदी कर दी। नाकाबंदी के दौरान, दो युवकों को संदेह के आधार पर रोका गया और उनकी तलाशी ली गई, जिसके बाद उनके पास से 712 ग्राम चरस बरामद हुई। आरोपियों की पहचान शिलाई निवासी अनिल कुमार (37) और शिलाई तहसील के अछोती गाँव निवासी आशु वर्मा उर्फ अंकू (21) के रूप में हुई है।
घटना की पुष्टि करते हुए, डीएसपी पांवटा साहिब मानवेंद्र ठाकुर ने बताया कि दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया है। उन्होंने बताया कि आरोपियों को अदालत में पेश किया गया, जहाँ से उन्हें आगे की पूछताछ के लिए पुलिस हिरासत में भेज दिया गया। रिमांड अवधि के दौरान, पुलिस यह पता लगाने की कोशिश करेगी कि ड्रग्स कहाँ से लाए गए थे और किसे सप्लाई किए जाने थे, ताकि इस नेटवर्क में शामिल अन्य लोगों की पहचान की जा सके।