Himachal हिमाचल: हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले में सोमवार देर रात एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। उपमंडल जोगिंद्रनगर की द्रुब्बल पंचायत के चंदोज के द्रोबड़ी गांव में एक बेटे ने अपने ही पिता की हत्या कर दी। घटना उस समय हुई जब पिता पारिवारिक विवाद में बीच-बचाव कर रहे थे, तभी गुस्से में बेटे ने पिता पर धारदार हथियार से हमला कर दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार सोमवार देर रात घर में बेटे मुकेश और उसकी पत्नी के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो रही थी। विवाद इतना बढ़ गया कि माहौल काफी तनावपूर्ण हो गया। इसी बीच मुकेश के पिता सेवानिवृत्त जल शक्ति विभाग के कर्मचारी प्रताप (मृतक) अपने बेटे और बहू के बीच समझौता कराने के लिए आगे आए। उन्होंने झगड़े को शांत करने की कोशिश की। लेकिन गुस्से में अंधा हो चुका मुकेश इससे और भड़क गया।
पुलिस सूत्रों के अनुसार पिता के बीच-बचाव करने से गुस्साए मुकेश ने पास में पड़ी धारदार हथियार से पिता प्रताप पर हमला कर दिया। हमला इतना घातक था कि प्रताप गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़े। परिवार के अन्य सदस्यों ने घायल प्रताप को तुरंत अस्पताल ले जाने का प्रयास किया, लेकिन दुर्भाग्य से रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही जोगिंद्रनगर पुलिस हरकत में आ गई। मृतक प्रताप की पत्नी नागन देवी और आरोपी मुकेश की मां के बयान पर पुलिस ने मुकेश के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए जोगिंद्रनगर अस्पताल भेज दिया है।
आज मंगलवार को पोस्टमार्टम के बाद शव को अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया जाएगा। वहीं, पुलिस ने हत्या के आरोपी मुकेश की तलाश में विभिन्न जगहों पर छापेमारी शुरू कर दी है। डीएसपी पधर देवराज ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि स्थानीय पुलिस इस जघन्य अपराध की गहनता से जांच कर रही है और आरोपी को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा। यह घटना पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बन गई है और लोग इस पारिवारिक त्रासदी से स्तब्ध हैं।
Tags: