Himachal हिमाचल: धर्मशाला में दो पड़ोसियों के बीच पार्किंग को लेकर विवाद हो गया। यह मामला वार्ड नंबर 13 झिकली बडोल से सामने आया है। बताया जा रहा है कि विवाद गेट के बाहर स्कूटी पार्क करने को लेकर हुआ था। जानकारी के अनुसार दोनों पड़ोसियों के बीच झगड़ा इतना बढ़ गया कि एक ने दूसरे पड़ोसी पर चाकू से हमला कर दिया, जिससे वह खून से लथपथ हो गया। झिकली निवासी सुरेश कुमार पर उसके पड़ोसी ने उस समय हमला कर दिया, जब वह अपने घर में मौजूद था। घायल सुरेश को परिजनों ने तुरंत जोनल अस्पताल धर्मशाला पहुंचाया, जहां उसका उपचार चल रहा है। सुरेश कुमार के बेटे अभिषेक कुमार ने अपने घर के गेट के बाहर अपनी स्कूटी पार्क की थी।
इस पर पड़ोसियों ने आपत्ति जताई और झगड़ा शुरू हो गया। इस मामले की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आगे की जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने आरोपी पड़ोसी को भी तलब किया है और पूरे मामले की जांच जारी है। 3 साल से चल रहा था विवाद अभिषेक कुमार ने बताया कि पिछले 3 साल से उनके पड़ोसियों के बीच झगड़ा चल रहा था। घर के बाहर स्कूटी खड़ी करने को लेकर लगभग हर दिन विवाद होता था, लेकिन इस बार मामला काफी तूल पकड़ गया। अभिषेक ने बताया कि पड़ोसी उसकी बहन के साथ भी गाली-गलौज करते थे और जब उसके पिता ने इसका विरोध किया तो उन पर हमला कर दिया गया।