Himachal : चूड़धार यात्रा पर आए 2 पर्यटक लापता

Update: 2025-04-30 06:52 GMT
Himachal :हिमाचल प्रदेश की सबसे ऊंची पर्वत श्रृंखलाओं में से एक चूड़धार चोटी से दो पर्यटक लापता बताए जा रहे हैं। यह चोटी शिमला और सिरमौर जिलों की सीमा पर स्थित है और हर साल हजारों की संख्या में श्रद्धालु और ट्रैकिंग प्रेमी यहां पहुंचते हैं। बीती रात चूड़धार चोटी से दो पर्यटक रास्ता भटक गए, जिसके बाद पुलिस और स्थानीय लोगों की टीमों ने उनकी तलाश के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कर दिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार चंडीगढ़ निवासी धीरज नामक व्यक्ति ने हेल्पलाइन नंबर 112 पर कॉल कर पुलिस थाना चौपाल को सूचना दी कि वह अपने 5-6 दोस्तों के साथ सिरमौर जिले के नौहराधार मार्ग से चूड़धार मंदिर घूमने आया था। इस दौरान उसके 2 साथी शुभम और प्रभजोत ग्रुप से बिछड़ गए और उनका मोबाइल फोन भी बंद आ रहा है। आशंका है कि वे रास्ता भटक गए हैं या किसी मुसीबत में हैं।
सूचना मिलते ही चौपाल थाना की एक टीम तुरंत चूड़धार के लिए रवाना हो गई। इसके साथ ही मंदिर परिसर में रहने वाले स्थानीय व्यक्ति विक्की शर्मा को भी शिकायतकर्ता धीरज के साथ लापता पर्यटकों की तलाश में मदद करने का आग्रह किया गया है। साथ ही नौहराधार पुलिस चौकी को भी इस मामले की जानकारी दे दी गई है, ताकि दोनों जिलों की सीमा में समन्वय स्थापित कर तलाशी अभियान को तेज किया जा सके। गौरतलब है कि चूड़धार क्षेत्र में मौसम तेजी से बदलता है और संचार सुविधा भी सीमित है, ऐसे में रास्ता भटक जाने की घटनाएं आम हैं। हालांकि इस क्षेत्र में ट्रैकिंग रूट अच्छे हैं, लेकिन फिर भी शाम ढलने के बाद रास्ता भटक जाने का खतरा बढ़ जाता है।
Tags:    

Similar News