Himachal हिमाचल: मणि महेश यात्रा के दौरान रविवार सुबह हड़सर-मणिमहेश मार्ग पर सुंदरासी के पास भूस्खलन की चपेट में आने से पंजाब के 2 श्रद्धालुओं की मौत हो गई। बचाव दल ने रविवार देर शाम शवों को भरमौर मुख्यालय पहुंचाया, अब परिजनों के आने के बाद अन्य औपचारिकताएं पूरी की जाएंगी। जानकारी के अनुसार सरवन सिंह निवासी गांव ढलवाल डाकघर गोगरा जिला होशियारपुर राज्य पंजाब और एक अन्य श्रद्धालु मणि महेश की पवित्र झील में स्नान करने के बाद घर लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में सुंदरासी के पास अचानक पहाड़ी दरकने से हुए भूस्खलन के कारण मलबे और पत्थरों की चपेट में आने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही हड़सर-मणिमहेश मार्ग पर तैनात बचाव दल सदस्यों के साथ मौके पर पहुंचा। भरमौर प्रशासन लगातार श्रद्धालुओं को जागरूक कर रहा है कि वे यात्रा के दौरान पूरी तरह सुरक्षित रहें। एसपी चंबा अभिषेक यादव का कहना है कि रविवार को हड़सर-मणिमहेश मार्ग पर सुंदरासी के पास भूस्खलन होने से 2 श्रद्धालुओं की मौत हो गई है। इस संबंध में जांच की जा रही है|