Himachal Pradesh. हिमाचल प्रदेश।हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले की बेटी मनीषा कुमारी ने अपनी मेहनत और लगन से बड़ी उपलब्धि हासिल कर पूरे क्षेत्र का नाम रोशन किया है। मनीषा का चयन चंडीगढ़ स्थित होमी भाभा कैंसर सेंटर (Homi Bhabha Cancer Centre) में नर्सिंग ऑफिसर के पद पर हुआ है। मनीषा ने बताया कि वह वर्तमान में चंबा मेडिकल कॉलेज में असिस्टेंट स्टाफ नर्स के रूप में कार्यरत थीं। इसी वर्ष उन्होंने होमी भाभा कैंसर सेंटर चंडीगढ़ में नर्सिंग ऑफिसर पद के लिए परीक्षा दी थी, जिसमें सफलता हासिल की।
उन्होंने बताया कि अब वह अपनी नई जिम्मेदारी संभालने के लिए चंडीगढ़ रवाना हो रही हैं। मनीषा के अनुसार, यह मुकाम हासिल करने के लिए उन्होंने लगातार मेहनत की और कई चुनौतियों का सामना किया। मनीषा ने बताया कि इससे पहले उन्होंने निजी क्षेत्र में करीब एक साल तक काम किया। इसके बाद प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए एक साल तक कोचिंग ली और लगातार प्रयास करती रहीं।
उन्होंने कहा कि मेहनत के बाद उन्हें सबसे पहले चंबा मेडिकल कॉलेज में चयन मिला। वहां एक साल तक सेवाएं देने के बाद उन्होंने आगे की तैयारी जारी रखी और अब होमी भाभा कैंसर सेंटर में चयन हासिल किया है। मनीषा की सफलता से चंबा जिले में खुशी का माहौल है। क्षेत्र के लोगों ने उनकी उपलब्धि को युवाओं के लिए प्रेरणा बताया है। मनीषा का कहना है कि मेहनत, धैर्य और सही दिशा में किए गए प्रयास से किसी भी लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है। उन्होंने युवाओं को लगातार प्रयास करते रहने का संदेश दिया।