जेओए अकाउंट की भर्ती-पदोन्नति नियमों पर आएगा फैसला, बिजली बोर्ड कर्मचारियों को राहत की तैयारी
बिजली बोर्ड में जेओए और अकाउंट की भर्ती और पदोन्नति नियमों पर जल्द फैसला आ सकता है।
जनता से रिश्ता वेबडेस्क। बिजली बोर्ड में जेओए (आईटी) और अकाउंट की भर्ती और पदोन्नति नियमों पर जल्द फैसला आ सकता है। बिजली बोर्ड प्रबंधन ने करीब 600 कर्मचारियों के लिए राहत की तैयारी कर ली है। भर्ती और पदोन्नति नियम तय होने के बाद इन कर्मचारियों के लिए बड़े कदम उठाए जाएंगे। सर्विस कमेटी में मंजूरी के बाद अब बिजली बोर्ड को इस फैसले पर अधिसूचना जारी करनी है। इससे पूर्व टीमेट और हेल्पर के पदों से जूनियर शब्द को हटाया जा चुका है। बिजली बोर्ड की सर्विस कमेटी में इन दोनों मामलों पर गहन चर्चा की गई थी। इसके बाद विषयों पर बोर्ड को अलग-अलग अधिसूचना जारी करनी थी। इसमें जूनियर शब्द हटाने को लेकर अधिसूचना तत्काल ही जारी कर दी गई थी, जबकि जेओए (आईटी) और अकाउंट के आर एंड पी नियमों को लेकर अधिसूचना जारी नही हो पाई। कर्मचारी यूनियन ने इस बारे में बोर्ड से लगातार चर्चा को जारी रखा है। अब इसी हफ्ते इन दोनों की अधिसूचना बिजली बोर्ड प्रबंधन जारी कर सकता है।