प्रियंका की रैली से कांग्रेस का चुनावी शंखनाद, सोलन में परिवर्तन प्रतिज्ञा रैली के जरिए शुरू होगा पार्टी का प्रचार

सोलन में 40 हजार से ज्यादा कांग्रेस कार्यकर्ता परिवर्तन प्रतिज्ञा रैली के गवाह बनेंगे।

Update: 2022-10-14 03:01 GMT

न्यूज़ क्रेडिट : divyahimachal.com

जनता से रिश्ता वेबडेस्क। सोलन में 40 हजार से ज्यादा कांग्रेस कार्यकर्ता परिवर्तन प्रतिज्ञा रैली के गवाह बनेंगे। प्रियंका गांधी की हुंकार को कम से कम छह जिलों से सीधे जोडऩे की तैयारी कांग्रेस ने की है। इनमें शिमला संसदीय क्षेत्र के तीनों जिलों सोलन, शिमला, सिरमौर के अलावा बिलासपुर, हमीरपुर और मंडी में भी कार्यकर्ताओं को रैली में आने का निमंत्रण दिया गया है। इस रैली में कांग्रेस के तमाम पदाधिकारी अपने वाहनों से पहुंच रहे हैं, जबकि दूरदराज से कार्यकर्ताओं को लाने के लिए बसों का इंतजाम किया गया है। कांग्रेस ने सोलन में हर ब्लॉक में करीब 2000, जबकि सोलन से बाहर हर ब्लॉक में 1000 कार्यकर्ताओं को परिवर्तन प्रतिज्ञा रैली तक लाने का लक्ष्य निर्धारित किया है।

गौरतलब है कि कांग्रेस इस रैली के माध्यम से चुनावी शंखनाद करेगी और इसके साथ ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ताबड़तोड़ दौरों का जवाब भी देगी। कांग्रेस ने साफ कर दिया है कि इस बार चुनाव स्थानीय मुद्दों पर लड़े जाएंगे। कांग्रेस मीडिया प्रभारी अलका लांबा ने कहा है कि भाजपा प्रदेश के चुनाव में केंद्र सरकार के कामों का सहारा ले रही है। बीते पांच साल में ऐसा कोई भी बड़ा मुद्दा भाजपा के पास नहीं है, जिसे हल करवाया गया हो और उसके आधार पर पार्टी वोट मांग सके। यही वजह है कि चुनाव से पहले प्रधानमंत्री की हर जिला में रैली करवाई जा रही है।
प्रियंका गांधी की रैली की तैयारियां परखीं
सोलन। प्रदेश के विधानसभा चुनावों को लेकर प्रियंका गांधी वाड्रा ऐतिहासिक ठोडो मैदान में शुक्रवार को जनसभा को संबोधित करेंगी। गुरुवार देर शाम हिमाचल प्रभारी राजीव शुक्ला सहित कांग्रेस के वरिष्ठ नेता ने जनसभा की तैयारियों का जायज़ा लिया। आगामी चुनाव को देखते हुए कांग्रेस की यह पहली बड़ी रैली होगी, जहां से प्रियंका गांधी और प्रदेश कांग्रेस चुनावी बिगुल फूंकेंगे। कांगे्रस नेताओं ने कहा कि आगामी एक दो दिन में प्रत्याशियों की सूची जारी हो जाएगी।
Tags:    

Similar News