Bilaspur बिलासपुर: भराड़ी पुलिस ने अवैध खनन के खिलाफ कड़ा रुख अपनाते हुए दो ट्रैक्टरों के चालान किए हैं तथा एक ट्रैक्टर को जब्त किया है। पुलिस लगातार क्षेत्र में गश्त कर रही है, ताकि अवैध खनन को रोका जा सके। इस कार्रवाई से खनन माफियाओं में हड़कंप मच गया है। भराड़ी थाना प्रभारी अनूप कुमार ने बताया कि अवैध खनन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
उन्होंने जानकारी देते हुए बताया कि बुधवार शाम को जब वह क्षेत्र की ओर जा रहे थे तो उन्होंने खड्ड में खनन करते हुए दो ट्रैक्टरों को देखा, जिन्हें पुलिस ने कुछ ही दूरी पर पकड़ लिया तथा दोनों का चालान किया, जिसमें से एक ट्रैक्टर चालक ने मौके पर ही चालान का जुर्माना 9200 रुपए अदा कर दिया है, जबकि दूसरे ट्रैक्टर को पुलिस ने कब्जे में लेकर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।