कुल्लू। कुल्लू जिला के तहत रायसन के पास सेना के काफिले ने एक महिला को टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस ने घटना को लेकर मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार कुल्लू-मनाली डबललेन पर मनाली की तरफ जा रहे सेना के काफिले की चपेट में आने से यह घटना हुई। मृतका की पहचान सुनीता (53) निवासी हरियाणा के रूप में हुई है जोकि सड़क किनारे खड़ी थी। इसी दौरान सेना के काफिले में जा रहे एक वाहन ने उसे टक्कर मारी। घटना के बाद महिला को क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू लाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। एसपी साक्षी वर्मा ने घटना की पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है।