Yamunanagar: टक्कर के बाद ऑटो पलटा, एक व्यक्ति की मौत

Update: 2026-05-04 04:38 GMT

यमुनानगर: यमुनानगर शहर के व्यस्त जगाधरी बस स्टैंड क्षेत्र में रविवार एक दर्दनाक सड़क हादसे ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। तेज गति से आ रहे दूध से भरे टैंकर की टक्कर के बाद ऑटो पलटने से एक व्यक्ति की मौके पर मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने आरोपी चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मृतक की पहचान गांव महलावाली निवासी परमजीत के रूप में हुई है, जो पेशे से ऑटो चालक था और दो बच्चों का पिता था। हादसे में घायल गुरविंदर का अस्पताल में उपचार जारी है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार गुरविंदर रविवार सुबह अपनी पत्नी कुसुम को बाइक पर जगाधरी बस स्टैंड छोड़ने आया था। पत्नी को छोड़ने के बाद वह वापस लौट रहा था। इसी दौरान पेट्रोल पंप के निकट ऑटो स्टैंड के पास उसकी मुलाकात परमजीत से हो गई। बातचीत के लिए उसने अपनी मोटरसाइकिल सड़क किनारे कच्चे हिस्से में खड़ी कर दी। उसी समय बस स्टैंड की दिशा से आ रहे पंजाब नंबर के दूध टैंकर ने तेज रफ्तार और लापरवाही से चलते हुए सामने जा रहे एक थ्री-व्हीलर को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही ऑटो अनियंत्रित होकर पहले खड़ी मोटरसाइकिल से टकराया और फिर पलटकर दोनों व्यक्तियों पर गिर गया। हादसे के बाद आसपास मौजूद लोगों ने तत्परता दिखाते हुए दोनों को ऑटो के नीचे से बाहर निकाला और तुरंत सिविल अस्पताल जगाधरी पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने परमजीत को मृत घोषित कर दिया, जबकि गुरविंदर की गंभीर हालत को देखते हुए उसे यमुनानगर रेफर किया गया।

Tags:    

Similar News