हिसार: गुरु जम्भेश्वर विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय में आयोजित तीन दिवसीय युवा महोत्सव ‘प्रबोधिनी’ में शनिवार को अंतरराष्ट्रीय मेहमान की मौजूदगी ने कार्यक्रम को खास बना दिया। भारत में निकारागुआ गणराज्य की राजदूत नादेस्का इमारा कुथबर्ट कार्लसन विशेष अतिथि के रूप में विश्वविद्यालय पहुंचीं। कुलपति प्रो. विजय कुमार ने उनका स्वागत किया।

विश्वविद्यालय पहुंचने पर राजदूत ने गुरु जम्भेश्वर महाराज धार्मिक अध्ययन संस्थान में गुरु जम्भेश्वर जी महाराज की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की। इसके बाद उन्होंने मयूर रंगमंच पर आयोजित हरियाणवी सांग की प्रस्तुति देखी और प्रदेश की पारंपरिक लोक संस्कृति का आनंद लिया।

मई 2026 से भारत में निकारागुआ की राजदूत के रूप में कार्यरत कार्लसन इससे पहले जिम्बाब्वे में भी राजदूत रह चुकी हैं। उन्हें अंतरराष्ट्रीय संबंधों और लोक प्रशासन का व्यापक अनुभव है।

अंतरराष्ट्रीय मामलों के अधिष्ठाता प्रो. ओमप्रकाश सांगवान ने बताया कि राजदूत रविवार को भी विश्वविद्यालय का दौरा करेंगी। इस दौरान वे सीआईएल लैब, नवाचार एवं उद्भवन केंद्र, डॉ. भीमराव अंबेडकर पुस्तकालय और जैव प्रौद्योगिकी विभाग का अवलोकन करेंगी।

इसके साथ ही वे चौधरी रणबीर सिंह सभागार में विद्यार्थियों से संवाद करेंगी और युवा महोत्सव की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का आनंद लेंगी।

Tags: