केंद्रीय ऊर्जा, आवास और शहरी मामलों के मंत्री मनोहर लाल खट्टर ने शनिवार को कहा कि आज जो कांग्रेस संविधान की बात करती है, वही पार्टी है जिसने आपातकाल (इमरजेंसी) के दौरान संविधान को तार-तार कर दिया था।
'स्मार्ट सिटी मिशन' के तहत विभिन्न परियोजनाओं के उद्घाटन के मौके पर खट्टर ने कहा, "कांग्रेस आज 'संविधान यात्रा' निकाल रही है, लेकिन यही वह पार्टी है जिसने अपने 50-55 साल के शासनकाल में संविधान को तहस-नहस कर दिया था। इसका सबसे बड़ा उदाहरण आपातकाल है। वह काला अध्याय, जिसे हम आज भी याद करते हैं, किसी और ने नहीं, बल्कि कांग्रेस और तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी ने रचा था।" उन्होंने सेक्टर 32 में 10.1 करोड़ रुपये की लागत से बने वृद्धाश्रम, शक्ति कॉलोनी में 74.04 करोड़ रुपये की लागत से बने कमर्शियल ब्लॉक, कामकाजी महिलाओं के लिए 13 करोड़ रुपये की लागत से बने हॉस्टल, और मीरा सद्भावना चौक पर 1.55 करोड़ रुपये की लागत से तैयार म्यूजिकल फाउंटेन व नवीनीकृत चौक का उद्घाटन किया।
उन्होंने कहा कि आपातकाल को छोड़कर, लोकसभा का कार्यकाल कभी भी पांच साल से अधिक नहीं बढ़ाया गया था। उन्होंने आगे कहा, "अपनी कुर्सी बचाने के लिए, उन्होंने पहली बार कार्यकाल को पांच साल से बढ़ाकर छह साल कर दिया और छह साल बाद लोकसभा चुनाव कराए। यह संविधान को तार-तार करने जैसा था।"
Tags: