हरियाणा की बेटियां हैंडबॉल में दिखाएंगी दम, संगरूर में होगा मुकाबला
नेशनल हैंडबॉल चैंपियनशिप की तैयारी तेज, 50 खिलाड़ी शिविर में जुटीं
जींद: हरियाणा की जूनियर महिला हैंडबॉल खिलाड़ी राष्ट्रीय चैंपियनशिप में दमदार प्रदर्शन करने की तैयारी में जुटी हैं। पंजाब के संगरूर स्थित मस्तुआना साहिब में 25 से 29 नवंबर तक होने वाली 48वीं एचएफआई जूनियर गर्ल्स नेशनल हैंडबॉल चैंपियनशिप के लिए जींद के दनौदा कलां स्थित सरस्वती सीनियर सेकेंडरी स्कूल में विशेष प्रशिक्षण शिविर लगाया गया है।
हरियाणा ओलंपिक एसोसिएशन के नेतृत्व में आयोजित इस शिविर में करीब 50 खिलाड़ी प्रशिक्षण ले रही हैं। शिविर 23 नवंबर तक चलेगा। खिलाड़ियों का चयन हाल ही में हिसार में आयोजित ट्रायल के आधार पर किया गया है।
हैंडबॉल प्रमोशन एंड डेवलपमेंट एसोसिएशन के महासचिव अलंकृत कंबोज ने शिविर का निरीक्षण कर खिलाड़ियों के प्रशिक्षण, भोजन, आवास और सुरक्षा व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने सभी 50 खिलाड़ियों को सिपर बोतलें भेंट कर उनका उत्साह बढ़ाया।
खिलाड़ियों के प्रशिक्षण के लिए दो महिला शिक्षक और दो महिला कोच तैनात की गई हैं। वहीं फिटनेस, चोट से बचाव और रिकवरी के लिए पीजीआई रोहतक से जुड़े तीन प्रशिक्षित फिजियोथेरेपिस्ट की सेवाएं उपलब्ध कराई गई हैं।
अलंकृत कंबोज ने कहा कि 'प्रतिभा सर्वोपरि, स्वर्ण का संकल्प' के मंत्र के साथ खिलाड़ियों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतने के लिए तैयार किया जा रहा है।