सरकार की प्राथमिकता जनता की समस्याओं का समाधान : डॉ. कमल गुप्ता
जनसमस्याओं के समाधान को सरकार ने दी सर्वोच्च प्राथमिकता
हिसार: पूर्व मंत्री डॉ. कमल गुप्ता ने गुरुवार को भाजपा जिला कार्यालय में जनसंवाद कार्यक्रम के तहत आमजन की समस्याएं सुनीं। इस दौरान उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों से दूरभाष पर बातचीत कर कई शिकायतों का शीघ्र समाधान करने के निर्देश दिए। जनसंवाद कार्यक्रम में लोगों ने बिजली, पेयजल, सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा, राजस्व और सामाजिक सुरक्षा योजनाओं से जुड़ी समस्याएं रखीं।
डॉ. कमल गुप्ता ने कहा कि जनता की समस्याओं को सुनना और उनका समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। सरकार का उद्देश्य केवल योजनाएं बनाना नहीं, बल्कि उनका लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचाना और लोगों की व्यावहारिक कठिनाइयों को दूर करना है। उन्होंने आमजन से आग्रह किया कि किसी भी प्रकार की समस्या होने पर वे बिना संकोच भाजपा जिला कार्यालय में संपर्क करें, ताकि संबंधित विभागों के माध्यम से शिकायतों का शीघ्र निवारण कराया जा सके।
डॉ. कमल गुप्ता ने कहा कि विपक्ष के कुछ नेता देश में भ्रम और अराजकता का माहौल बनाने का प्रयास कर रहे हैं, जो राष्ट्रहित के अनुकूल नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि सत्ता प्राप्ति की राजनीति में विपक्ष के कुछ दल विकास के मुद्दों से ध्यान भटकाने का प्रयास कर रहे हैं। इसके विपरीत केंद्र और हरियाणा की भाजपा सरकार विकास, सुशासन और जनसेवा के संकल्प के साथ निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि देश और प्रदेश की जनता विकास, स्थिरता और सुशासन की राजनीति के साथ मजबूती से खड़ी है।
इस अवसर पर सुरेश गोयल धूप वाला, रामचंद्र गुप्ता, अशोक मित्तल, धर्मवीर पानू, प्रोमिला पूनिया, बलबीर भुंबक, संजय कपूर और सुभाष जांगड़ा सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।