रेवाड़ी: हरियाणा के रेवाड़ी में गांव कान माजरा स्थित लेगेसी वेस्ट स्थल के निर्माण में घटिया सामग्री के इस्तेमाल का मामला सामने आने के बाद जिला नगर आयुक्त ने कार्रवाई की है। निर्माण एजेंसी को ब्लैकलिस्ट करने के साथ 17 लाख 52 हजार 245 रुपये की वसूली के आदेश दिए गए हैं।

डिप्टी डीएमसी अभय यादव ने बताया कि निर्माण कार्य को लेकर मिली शिकायतों की जांच में सामग्री की गुणवत्ता से संबंधित कई खामियां सामने आई हैं। इसके आधार पर निर्माण एजेंसी द विनोद बालाजी कोऑपरेटिव मल्टीपरपज सोसायटी लिमिटेड, भिवानी को ब्लैकलिस्ट कर उसके सभी लंबित बिलों के भुगतान पर रोक लगा दी गई है।

मामले में जेई वीरपाल को चार्जशीट जारी कर जवाब मांगा गया है, जबकि जेई हैप्पी और एमई नरेश के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की सिफारिश की गई है।

डिप्टी डीएमसी ने बताया कि नगर परिषद द्वारा पिछले पांच वर्षों में कराए गए करीब एक दर्जन विकास कार्यों की भी जांच चल रही है। निर्माण गुणवत्ता और अनियमितताओं से जुड़ी शिकायतों की पड़ताल पूरी होने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Tags: