हिसार: हरियाणा के हिसार जिले के खरड़ अलीपुर सहित आसपास के गांवों में रोडवेज बसों की कमी से विद्यार्थियों, महिलाओं और नौकरीपेशा लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने हरियाणा रोडवेज के महाप्रबंधक को मांग पत्र सौंपकर हिसार-हांसी मार्ग पर पर्याप्त बस सेवाएं शुरू करने की मांग की है।

बहुजन नेता प्रदीप भानखड़ ने सोमवार को बताया कि बसों की अनियमितता के कारण स्कूल-कॉलेज जाने वाले विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। विशेष रूप से छात्राओं को परेशानी उठानी पड़ रही है। दोपहर 2:30 बजे गांवों की ओर जाने वाली बस कभी 3:30 बजे, कभी 4 बजे तो कभी 4:30 बजे पहुंचती है। इससे छात्राओं को घंटों इंतजार करना पड़ता है।

ग्रामीणों ने बसों का समय निर्धारित कर नियमित संचालन सुनिश्चित करने की मांग की है। साथ ही चेतावनी दी है कि यदि 30 नवंबर तक समस्या का समाधान नहीं हुआ तो हिसार बस स्टैंड के सामने धरना दिया जाएगा।

पवन बलराज सातरोड़ ने कहा कि परिवहन सुविधा के अभाव में ग्रामीण विद्यार्थियों की शिक्षा प्रभावित नहीं होनी चाहिए। उन्होंने छात्राओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पर्याप्त बस सेवाएं उपलब्ध कराने की मांग की। इस दौरान सुरेंद्र सहरावत, राहुल भानखड़ सहित कई ग्रामीण मौजूद रहे।

Tags: