सोनीपत: हरियाणा के सोनीपत में सर्दियों के दौरान वायु प्रदूषण पर नियंत्रण के लिए जिला प्रशासन ने निगरानी बढ़ाने के निर्देश दिए हैं। उपायुक्त नेहा सिंह ने सोमवार को अधिकारियों के साथ बैठक कर प्रदूषण फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और चालान करने के आदेश दिए।

उपायुक्त ने कुंडली, बड़ी और खरखौदा के औद्योगिक क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखने तथा कचरा और बायोमास जलाने की घटनाओं को रोकने के लिए विभागीय टीमों को दिन-रात सक्रिय रहने के निर्देश दिए।

उन्होंने बताया कि वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (सीएक्यूएम) के निर्देशों के तहत एंटी स्मॉग गन और वाटर स्प्रिंकलर का इस्तेमाल किया जा रहा है। सड़कों की नियमित सफाई के साथ शहर में अतिक्रमण हटाने का अभियान भी जारी है।

प्रशासन ने प्रदूषण नियंत्रण नियमों की अनदेखी करने वाले ढाबा संचालकों को नोटिस जारी किए हैं। गन्नौर, गोहाना और कुंडली के नगर निकाय अधिकारियों को भी विशेष सतर्कता बरतने को कहा गया है।

उपायुक्त ने स्पष्ट किया कि प्रदूषण रोकने में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों के खिलाफ भी कार्रवाई होगी। अगले सप्ताह विभागवार कार्यों की समीक्षा के लिए दोबारा बैठक आयोजित की जाएगी।

Tags: