हिसार: हरियाणा के लाला लाजपत राय पशु चिकित्सा एवं पशु विज्ञान विश्वविद्यालय (लुवास) में प्रशासनिक जिम्मेदारियों में बदलाव किया गया है। सहायक जनसंपर्क अधिकारी डॉ. विशाल शर्मा को जनसंपर्क अधिकारी और सोशल मीडिया चैंपियन का अतिरिक्त कार्यभार सौंपा गया है।

विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. (डॉ.) विनोद कुमार वर्मा के निर्देश पर कुलसचिव ने सोमवार को आधिकारिक आदेश जारी किए। डॉ. विशाल शर्मा तत्काल प्रभाव से आगामी आदेशों तक यह जिम्मेदारी संभालेंगे। वहीं, अब तक इन पदों का अतिरिक्त कार्यभार देख रहे डॉ. नीलेश सिंधु को इन जिम्मेदारियों से मुक्त कर दिया गया है।

डॉ. विशाल शर्मा विश्वविद्यालय के पशुधन उत्पादन एवं प्रबंधन विभाग में सहायक प्रोफेसर हैं। उन्होंने वर्ष 2008 में हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय से स्नातक, 2011 में लुवास से स्नातकोत्तर और 2019 में पीएचडी की उपाधि प्राप्त की।

नई जिम्मेदारी के तहत डॉ. शर्मा विश्वविद्यालय की शैक्षणिक, अनुसंधान और विस्तार गतिविधियों की जानकारी मीडिया एवं आमजन तक पहुंचाएंगे। इसके साथ ही सोशल मीडिया के माध्यम से विश्वविद्यालय की उपलब्धियों का प्रचार-प्रसार करेंगे।

विश्वविद्यालय प्रशासन ने पूर्व जनसंपर्क अधिकारी डॉ. नीलेश सिंधु के योगदान की सराहना करते हुए मीडिया समन्वय और सोशल मीडिया प्रबंधन में उनकी भूमिका को महत्वपूर्ण बताया।

Tags: