Sonipat: पिकअप की टक्कर से बहनों में छोटी की मौत
सड़क हादसे में बहनों में एक की मौत, दूसरी घायल
सोनीपत: सोनीपत में कामी रोड फ्लाईओवर के नीचे तेज रफ्तार पिकअप की टक्कर से स्कूटी सवार दो बहनें गंभीर रूप से घायल हो गईं। हादसे में छोटी बहन मयूर विहार निवासी वंशिका की शनिवार को रास्ते में मौत हो गई, जबकि बड़ी बहन दीक्षा को गंभीर हालत में दिल्ली के मैक्स अस्पताल, शालीमार बाग रेफर किया गया है।
हादसे के बाद भागने की कोशिश कर रहे पिकअप चालक को मौके पर मौजूद लोगों ने पकड़ लिया और उसकी पिटाई कर दी। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने चालक को हिरासत में ले लिया। पुलिस के अनुसार दोनों बहनों का परिवार मयूर विहार की गली नंबर-5 में रहता है। दीक्षा निजी कॉलेज में पढ़ती है। वंशिका पहली बार अपनी बड़ी बहन का कॉलेज देखने उसके साथ गई थी। परिवार के मुताबिक कॉलेज देखकर वह काफी खुश थी और उसने कहा था कि वह भी इसी कॉलेज में दाखिला लेगी।
कॉलेज से लौटते समय दोनों स्कूटी से कामी रोड की तरफ आ रही थीं। दीक्षा स्कूटी चला रही थी और वंशिका पीछे बैठी थी। फ्लाईओवर के नीचे पहुंचते ही तेज रफ्तार पिकअप ने उनकी स्कूटी को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि स्कूटी क्षतिग्रस्त हो गई और दोनों बहनें सड़क पर गिरकर पिकअप की चपेट में आ गईं। हादसे के बाद राहगीरों की भीड़ जमा हो गई। इसी दौरान गन्नौर तहसील में कार्यरत सोनीपत निवासी विजय कौशिक वहां से गुजर रहे थे। उन्होंने दोनों घायल बहनों को अपनी गाड़ी से नागरिक अस्पताल पहुंचाया।
विजय के अनुसार अस्पताल ले जाते समय वंशिका ने दम तोड़ दिया। दीक्षा की गंभीर हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने उसे दिल्ली रेफर कर दिया।
पुलिस ने वंशिका के शव को पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल में रखवा दिया है। कुछ लोगों ने पिकअप चालक को काबू कर लिया। पुलिस का कहना है कि हादसे के कारणों, चालक की भूमिका और दुर्घटना से जुड़े अन्य तथ्यों की जांच की जा रही है। परिजनों के बयान के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।