Sonipat सोनीपत: सोनीपत में आज फिर एक फैक्ट्री में आग का कहर देखने को मिला। धतूरी औद्योगिक क्षेत्र स्थित एक प्लाईवुड फैक्ट्री में अज्ञात कारणों के चलते आग लग गई और देखते ही देखते आग ने भीषण रूप धारण कर लिया। आग लगने की सूचना मिलते ही सोनीपत के साथ-साथ कई जिलों की दमकल गाड़ियां मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। अब सोनीपत दमकल विभाग के कर्मचारी आग लगने के कारणों का पता लगाने में जुटे हुए हैं।
गनीमत रही कि इस आग की घटना में कोई जनहानि नहीं हुई, क्योंकि रविवार होने के कारण फैक्ट्री बंद थी। फैक्ट्री में आग लगने की सूचना मिलते ही सोनीपत के साथ-साथ कई जिलों के कर्मचारी दमकल गाड़ियों के साथ मौके पर पहुंचे और कड़ी मशक्कत के बाद कई घंटों में आग पर काबू पाया, लेकिन जब तक दमकल कर्मचारी आग पर काबू पाते, तब तक फैक्ट्री में रखा सारा सामान राख के ढेर में तब्दील हो चुका था।
फैक्ट्री मालिक रवि गोयल ने बताया कि आग कैसे लगी, इसकी उन्हें कोई जानकारी नहीं है, लेकिन उन्हें फैक्ट्री के गार्ड ने इसकी सूचना दी। आग लगने से फैक्ट्री में रखा करोड़ों रुपए का सामान जलकर खाक हो गया है।