कूड़ा घर बनी बहादुरगढ़ की सड़कें, सफाई कर्मचारियों की हड़ताल

Update: 2022-10-29 10:33 GMT

Source: Punjab Kesari

बहादुरगढ़: सफाई कर्मचारियों की हड़ताल के कारण बहादुरगढ़ की सड़कों पर कूड़ा पसरा हुआ है। कूड़े का उठान नहीं होने के कारण इससे तेज दुर्गंध आ रही है। जिससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है, लेकिन कर्मचारी और सरकार के बीच की बातचीत सिरे चढ़ने का नाम नहीं ले रही।
20 तारीख को शुरू हुई हड़ताल को आज 10 दिन बीत चुके हैं लेकिन कर्मचारी अब भी नगर निकाय कार्यालय के सामने धरना देने को मजबूर है। बहादुरगढ़ शहर की सब्जी मंडी, पुराना कोर्ट रोड और सामान्य अस्पताल के पास सड़क पर कूड़े का ढेर जमा हो गया है। इसके लिए सफाई कर्मचारियों ने शहर की जनता से हाथ जोड़कर माफी भी मांगी है, लेकिन उनका कहना है कि सरकार कर्मचारियों की मांगों को अनदेखा कर रही है। जिसके चलते मजबूरी में उन्हें हड़ताल पर बैठना पड़ा है।
बता दें कि सफाई कर्मचारी पिछले लंबे समय से कच्चे कर्मचारियों को पक्का करने, ठेका प्रथा बंद करने और कई अन्य मांगों को लेकर प्रदर्शन करते आ रहे हैं। कर्मचारियों ने 20 अक्टूबर को हड़ताल शुरू की थी। लेकिन 10 दिन बीत जाने के बाद भी अब तक सरकार और सफाई कर्मचारियों के बीच महज एक बार ही वार्ता हुई है, जो विफल रही। सरकार ने अगर जल्द ही कर्मचारियों की हड़ताल को समाप्त करवाने के लिए कोई बीच का रास्ता नहीं निकाला, तो शहर में लगे गंदगी के ढेर के कारण बीमारियां भी फैल सकती हैं। लेकिन सफाई कर्मचारियों और सरकार के बीच कोई समझौता होता है या नहीं यह देखने वाली बात होगी।
Tags:    

Similar News

-->