हिसार: राजकीय महाविद्यालय मंगाली में नशा मुक्ति जागरूकता अभियान के तहत स्लोगन लेखन और पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। प्राचार्या डॉ. अंजू चौधरी के निर्देशन में आयोजित कार्यक्रम की देखरेख एंटी ड्रग अवेयरनेस सेल की कोऑर्डिनेटर डॉ. किरण भुक्कल ने की।

प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और अपनी रचनात्मक प्रस्तुतियों के माध्यम से नशे के दुष्प्रभावों को उजागर करते हुए नशा मुक्त समाज का संदेश दिया।

स्लोगन लेखन प्रतियोगिता में दीपिका ने प्रथम, राहुल ने द्वितीय और प्रिया ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता में खुशबू प्रथम, दिव्या द्वितीय और दीक्षा तृतीय स्थान पर रहीं।

इस अवसर पर वाइस प्रिंसिपल डॉ. सोनल बिश्नोई, डॉ. मामन सिंह, डॉ. सरिता, डॉ. कुमारी सरोज सहित अन्य स्टाफ सदस्य मौजूद रहे। डॉ. सोनल बिश्नोई, डॉ. किरण भुक्कल और डॉ. मामन सिंह ने विजेताओं को बधाई दी तथा सभी प्रतिभागियों के प्रयासों की सराहना की।

वाइस प्रिंसिपल डॉ. सोनल बिश्नोई ने कहा कि नशा व्यक्ति को शारीरिक, मानसिक और सामाजिक रूप से कमजोर करता है। उन्होंने विद्यार्थियों से स्वयं नशे से दूर रहने और परिवार, मित्रों तथा समाज में भी नशा मुक्ति का संदेश फैलाने की अपील की।

Tags: