पुलिस ने ग्वालियर से 26 साल बाद सड़क हादसे के आरोपी रामेश्वर को किया गिरफ़्तार

Update: 2022-04-20 07:33 GMT

फरीदाबाद क्राइम न्यूज़: सडक़ दुघर्टना को अंजाम देकर वर्ष 1996 से फरार चल रहे आरोपित को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। इस दुघर्टना में गुरुदेव सिंह नामक व्यक्ति की मौत हो गई थी। सतवीर सिंह की शिकायत पर थाना सेंट्रल में मुकदमा दर्ज किया गया था। अब सेक्टर-31 थाना पुलिस ने आरोपित रामेश्वर को ग्वालियर के कस्बा डबरा से गिरफ्तार किया है। उस समय वह ट्रक ड्राईवर था। साल 1996 में शिकायतकर्ता सतबीर सिंह व गुरुदेव टाटा जमशेदपुर से अपने-अपने ट्रक में माल भर कर फरीदाबाद आए थे। साहनी चौक पर दोनों ने अपने ट्रक को साइड में लगाकर सेक्टर-27 स्थित एक उद्योग का नाम पता करने के लिए उतरे। तभी आरोपित ट्रक ड्राइवर रामेश्वर ने गुरुदेव को टक्कर मार दी। हादसे में उसकी मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी की तलाश की लेकिन पता नहीं चला। अदालत ने आरोपित को उद्धघोषित अपराधी करार दिया था। पूछताछ में सामने आया कि आरोपित उस समय अपने ट्रक से माल लेकर दिल्ली जा रहा था। जल्दी के चक्कर में उससे यह दुघर्टना हो गई। पुलिस से बचने के लिए उसने अपना गांव छोड़ दिया था। वह ग्वालियर में रहने लगा था।

वह अभी 15 दिन से ही कस्बा डबरा शहर में रहने लगा था। इस घटना के बाद कभी दिल्ली व फरीदाबाद नहीं आया था। पुलिस के अनुसार आरोपित को पकडऩे के लिए इससे पहले कई बार पुलिस गांव गई थी, लेकिन वह हाथ नहीं लगा। वह बार-बार जगह बदल लेता था। अब पुलिस अधिकारियों ने दबाव डाला तो पुलिस ने आरोपित के गांव पहुंचकर उसकी सम्पत्ति जब्त करने की धमकी दी। इसके बाद कहीं से पुलिस को आरोपित का मोबाइल नंबर मिल गया। मोबाइल फोन की लोकेशन से उसका पता चला। पुलिस ने उसे दबोच लिया। मंगलवार को उसे अदालत में पेश किया गया, जहां से न्यायिक हिरासत के लिए नीमका जेल भेज दिया गया।

Tags:    

Similar News