कहसून हत्याकांड में पुलिस की कार्रवाई, गांव में सुरक्षा बढ़ाई गई
1. चोरी की मुखबिरी के शक में राजू की हत्या, 7 आरोपित पुलिस हिरासत में
जींद: हरियाणा के जींद जिले के उचाना खंड के गांव कहसून में राजू हत्याकांड के मामले में पुलिस द्वारा सात आरोपितों को हिरासत में लिए जाने के बाद परिजन शव का अंतिम संस्कार करने को राजी हो गए। शुक्रवार को परिजनों ने नागरिक अस्पताल से शव लेकर गांव में अंतिम संस्कार किया। पुलिस ने गांव में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी है।
जानकारी के अनुसार, 18 नवंबर को गांव निवासी राजू (40) पर पड़ोसियों के परिवार के लोगों ने तेजधार हथियारों से हमला कर दिया था। इस घटना में राजू की मौत हो गई, जबकि उसका भाई कृष्ण और भतीजा नवाब समेत तीन लोग घायल हुए थे। आरोपितों को संदेह था कि राजू के परिवार ने चोरी के मामले में मुखबिरी की थी।
पुलिस ने घायल भतीजे नवाब की शिकायत पर राहुल, गौरव, रमेश, विजय, सावन, बलराम, जसबीर, विशाल, विकास, दिलबाग, निरंजन, जोनी, विक्रम और ममता के खिलाफ हत्या सहित भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया था।
19 नवंबर को नागरिक अस्पताल में राजू का पोस्टमार्टम कराया गया था, लेकिन परिजन आरोपितों की गिरफ्तारी की मांग करते हुए शव लेने से इनकार कर रहे थे। एएसपी अमित सहित अन्य पुलिस अधिकारियों ने परिजनों से बातचीत की थी।
शुक्रवार को पुलिस ने सात आरोपितों को हिरासत में लेने की जानकारी दी, जिसके बाद परिजन शव लेने को तैयार हुए। शव को गांव कहसून ले जाया गया, जहां पुलिस बल भी तैनात रहा। अंतिम संस्कार के बाद पुलिस ने राहत की सांस ली। उचाना थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है।