Panipat पानीपत: पानीपत के इसराना क्षेत्र में स्थित एक कंबल बनाने वाली फैक्ट्री में भीषण आग लग गई। आग लगने से कंपनी को लाखों रुपए का नुकसान हुआ है। आग का पता तब चला जब सुबह कर्मचारी यहां पहुंचे। दमकल विभाग ने करीब 1 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। जानकारी के अनुसार इसराना क्षेत्र के परढ़ाना गांव में गोल्डन टेक्सो नाम से फैक्ट्री है। इसमें फाइबर के कंबल तैयार किए जाते हैं। सोमवार सुबह आग लग गई। फैक्ट्री के गोदाम में शॉर्ट सर्किट होने से यह हादसा हुआ।
सुबह 8 बजे जब कर्मचारी ड्यूटी पर आ रहे थे तो फैक्ट्री के पीछे वाले गोदाम से धुआं उठता दिखाई दिया। जांच करने पर पता चला कि फैक्ट्री की केबल में आग लग गई थी। आग ने भयानक रूप ले लिया और गोदाम में रखे तैयार माल और कच्चे माल तक पहुंच गई। फैक्ट्री की अपनी 2 फायर ब्रिगेड गाड़ियों से आग पर काबू पाने का प्रयास किया गया। फैक्ट्री सुपरवाइजर का कहना है कि आग लगने से गोदाम में रखा तैयार और कच्चा माल दोनों जल गए। इससे कंपनी को लाखों रुपए का नुकसान हुआ है। फायर ब्रिगेड के एलएफएम बंटेश कुमार और अनिल कुमार ने इसकी पुष्टि की। गोल्डन टेक्सो कंपनी के रणदीप कुहाड़ और मुकेश अनिल भी मौके पर मौजूद थे। यह फैक्ट्री करीब 100 एकड़ क्षेत्र में फैली हुई है।