2022 की चुनावी रंजिश में हत्या, जाजनपुर गोलीकांड का मुख्य आरोपी गिरफ्तार
राजीव हत्याकांड में पुलिस का बड़ा एक्शन, सात टीमें तलाश में जुटीं तो आरोपी ने किया सरेंडर
कैथल: हरियाणा के कैथल जिले के जाजनपुर गांव में दिनदहाड़े राजीव कुमार की गोली मारकर हत्या करने के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी वीरेंद्र को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस की लगातार दबिश और दबाव के चलते आरोपी ने मंगलवार को कैथल न्यायालय में आत्मसमर्पण कर दिया। अदालत ने उसे एक दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया है।
डीएसपी हरदीप सिंह के अनुसार, आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की सात टीमें गठित की गई थीं। स्पेशल डिटेक्टिव यूनिट ने आरोपी को पूछताछ के लिए रिमांड पर लिया है।
प्रारंभिक पूछताछ में हत्या के पीछे वर्ष 2022 के चुनाव के दौरान हुआ विवाद सामने आया है। पुलिस के अनुसार, वीरेंद्र और राजीव के बीच उस समय गाली-गलौज और कहासुनी हुई थी। इसी पुरानी रंजिश के चलते वारदात को अंजाम देने की बात सामने आई है।
पुलिस के मुताबिक, घटना 22 नवंबर की दोपहर करीब 12:25 बजे की है। राजीव गांव में एक घर के बाहर सीमेंट की बेंच पर बैठकर अखबार पढ़ रहा था। तभी वीरेंद्र मोटरसाइकिल से वहां पहुंचा और कथित तौर पर पिस्तौल निकालकर राजीव के माथे पर गोली मार दी। इसके बाद उस पर चार और गोलियां चलाईं। हमले में राजीव की मौके पर ही मौत हो गई।
वारदात के बाद आरोपी मोटरसाइकिल से फरार हो गया था। फिलहाल पुलिस उससे पूछताछ कर रही है और मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच जारी है।