खेत में खुले पड़े स्टार्टर ने ली 16 साल के नमन की जान, परिवार का इकलौता बेटा था
पिता के खेत में काम करने गया था बेटा, खुले स्टार्टर से लगा करंट और बुझ गया घर का चिराग
जींद: हरियाणा के जींद जिले के खरकरामजी गांव में मंगलवार सुबह दर्दनाक हादसे में दसवीं कक्षा के 16 वर्षीय छात्र नमन की करंट लगने से मौत हो गई। वह अपने पिता के खेत में किसी काम से गया था। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है।
जानकारी के अनुसार, नमन के पिता सुनील खेतीबाड़ी करते हैं। मंगलवार को नमन खेत में खुले पड़े सबमर्सिबल के स्टार्टर को बंद करने लगा। इसी दौरान उसे अचानक करंट लग गया। उसके साथ मौजूद पड़ोसी के लड़के ने शोर मचाया, जिसके बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और उसे करंट से छुड़ाया।
परिजन नमन को तुरंत नागरिक अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
नमन अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। उसकी एक छोटी बहन भी है। वह पढ़ाई के साथ स्वीमिंग का अभ्यास करता था। जांच अधिकारी राजेंद्र के अनुसार, पुलिस ने सूचना मिलने के बाद इत्तेफाकिया कार्रवाई की है।