नूंह: हरियाणा के नूंह जिले के नगीना खंड में मोहम्मद नगर से बलई गांव तक बनाई गई करीब दो किलोमीटर लंबी सड़क निर्माण के महज छह-सात दिन बाद ही जगह-जगह से उखड़ने लगी है। करीब 38 लाख रुपये की लागत से बनी सड़क की हालत देखकर ग्रामीणों ने निर्माण कार्य में लापरवाही और घटिया सामग्री इस्तेमाल करने के आरोप लगाए हैं।

ग्रामीणों अबरार, जफर हुसैन, आमिर, मंजूर मोहम्मद और बिलाल का कहना है कि यह सड़क पिछले चार-पांच वर्षों से जर्जर थी। लंबे इंतजार के बाद निर्माण शुरू हुआ, लेकिन कुछ ही दिनों में सड़क उखड़ने लगी। करीब 12 फीट चौड़ी सड़क की बदहाली का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि निर्माण से पहले सड़क की उचित सफाई और जरूरी तैयारी नहीं की गई। उन्होंने संबंधित विभाग से मौके पर जांच कराने और निर्माण सामग्री की गुणवत्ता की पड़ताल करने की मांग की है।

इस मामले में मार्केटिंग बोर्ड के एक्सईएन अतुल यादव ने बताया कि ग्रामीणों की मौजूदगी में निर्माण सामग्री के नमूने लिए जाएंगे। जांच में गुणवत्ता संबंधी कमी मिलने पर संबंधित एजेंसी के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल ग्रामीणों को जांच रिपोर्ट का इंतजार है।

Tags: