मोमबत्ती जलाने पर घर में हुआ जबरदस्त ब्लास्ट, PNG रिसाव के कारण हुए हादसे में महिला घायल

बड़ी खबर

Update: 2022-10-10 17:03 GMT
पलवल। शहर की सिविल लाइन कॉलोनी में पीएनजी गैस की लाइन में रिसाव के कारण एक मकान में ब्लास्ट हो गया। हादसे में 32 वर्षीय महिला बुरी तरह झुलस गई है। घायल अवस्था में महिला को इलाज के लिए एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
3 महीने पहले ही कॉलोनी में पीएनजी की सप्लाई हुई थी शुरू
जानकारी के अनुसार पलवल की सिविल लाइन कॉलोनी में करीब 3 महीने पहले पीएनजी गैस लाइन बिछाने का काम खत्म हुआ था। कॉलोनी के बी-2 इलाके में रहने वाले लच्छी रावत के घर में भी पाइप से गैस की सप्लाई हो रही थी। बताया गया है कि गैस की पाइप में रिसाव होने के चलते यह हादसा हुआ है। बताया जा रहा है कि महिला बाथरूम के अंदर नहाने के लिए गई हुई थी। लाइट ना होने के कारण जैसे ही महिला ने मोमबत्ती जलाई, तो वहां ब्लास्ट हो गया और महिला बुरी तरह से झुलस गई। आनन-फानन में महिला को इलाज के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घर में हुए ब्लास्ट में उखड़े खिड़की-दरवाजे
बता दें कि पीएनजी लाइन से हुआ ब्लास्ट इतना भयानक था कि मकान के खिड़की-दरवाजे भी उखड़ गए। ब्लास्ट की आवाज सुनकर आसपास के लोग वहां पहुंचे और आग पर पानी डालकर आग को बुझाया गया। मामले की सूचना मिलते ही पीएनजी गैस की सप्लाई सुरक्षा टीम भी मौके पर पहुंची और गैस के रिसाव को बंद किया। लोगों ने पीएनजी गैस के इस रिसाव पर नाराजगी जाहिर करते हुए लाइन बिछाने वाली कंपनियों पर लापरवाही का आरोप लगाया है।
Tags:    

Similar News