मनोहर लाल ने कहा फैमिली आईडी बन रही हरियाणा वासियों की पहचान

Update: 2023-05-24 14:01 GMT

महेंद्रगढ़। मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि राज्य सरकार अंत्योदय की भावना के साथ जनसेवा के संकल्प को लेकर निरंतर विकास कार्य कर रही है। मौजूदा सरकार ने जनहित के कार्यों में किसी प्रकार की कोई कमी नहीं छोड़ी। यही कारण है कि हर क्षेत्र में हरियाणा विकास के नए कीर्तिमान स्थापित कर रहा है।

मुख्यमंत्री बुधवार को महेंद्रगढ़ जिले के गांव मूसनौता के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय प्रांगण में जन संवाद कर रहे थे। मुख्यमंत्री ने कहाकि हम हरियाणा एक-हरियाणवी एक की विचारधारा के साथ प्रदेश में समान विकास कार्य करवाने में अपना दायित्व निभा रहे हैं। जन संवाद कार्यक्रमों के दौरान मिल रही लिखित शिकायतों का समाधान सुनिश्चित किया जा रहा है। पोर्टल के माध्यम से रिपोर्ट अपडेट की जा रही है।

परिवार पहचान पत्र को जरूरी दस्तावेज बताते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि फैमिली आईडी में जन्मदिन का भी उल्लेख होता है। प्रदेश में आबादी के हिसाब से प्रतिदिन एक लाख लोगों का जन्मदिन होता है। उन्होंने कार्यक्रम में उपस्थित तीन बेटियों को उनके जन्मदिन पर बधाई देते हुए आशीर्वाद दिया।

योग्यता के आधार पर नौकरी ले रहे हैं युवा:

मनोहरलाल ने कहा कि पिछले साढ़े 8 सालों में हरियाणा प्रदेश में योग्यता के आधार पर युवाओं को नौकरी मिल रही है। काबिल और सशक्त युवाओं को रोजगार के अवसर प्रदान किए हैं। पढ़ाई की ओर अब रुझान बढ़ा है और युवाओं को कुशल मार्गदर्शन मिल रहा है।

उन्होंने बताया कि प्रदेश में 1 लाख 4 हजार युवाओं को उनकी योग्यता के आधार पर सरकारी नौकरी दी गई है। इस अवसर पर परिवहन मंत्री मूलचंद शर्मा, सांसद धर्मबीर सिंह, नांगल चौधरी के विधायक डॉ अभय सिंह यादव, मुख्यमंत्री के ओएसडी जवाहर यादव सहित अन्य गणमान्य मौजूद रहे।

Tags:    

Similar News