सोनीपत: कार्तिक पूर्णिमा के पावन अवसर पर मंगलवार को सोनीपत में श्रद्धालुओं ने यमुना नदी और सतकुंभा सरोवर में आस्था की डुबकी लगाई। मलिकपुर, बेगा और पबनेरा घाट पर भी बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने स्नान कर पूजा-अर्चना की और सुख-समृद्धि की कामना की।

भारत के 68 तीर्थों में शामिल सिद्धपीठ सतकुंभा धाम में भव्य धार्मिक मेले का आयोजन किया गया। यहां दूर-दराज से पहुंचे श्रद्धालुओं के लिए भंडारे की व्यवस्था की गई, जिसमें लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया।

धाम के पीठाधीश्वर श्रीमहंत राजेश स्वरूप महाराज ने कहा कि कार्तिक पूर्णिमा स्नान, दीपदान, भगवान विष्णु की पूजा और दान-पुण्य के लिए विशेष महत्व रखती है। यह पर्व आत्मशुद्धि, सेवा और मानव कल्याण का संदेश देता है।

धाम के प्रबंधक सूरज शास्त्री ने बताया कि मेले में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए स्वयंसेवक लगातार सेवाएं दे रहे हैं। श्रद्धालुओं के सहयोग से भंडारे का आयोजन किया गया है।

Tags: