Haryana हरियाणा: फर्रुखनगर क्राइम ब्रांच ने अवैध हथियार के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस से बचने के लिए केएमपी फ्लाईओवर से कूदने पर आरोपी घायल हो गया। उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। दरअसल, फर्रुखनगर क्राइम ब्रांच को सूचना मिली थी कि एक युवक अवैध हथियार लेकर किसी वारदात को अंजाम देने की नीयत से घूम रहा है।
क्राइम ब्रांच ने मौके पर दबिश दी तो आरोपी पुलिस को देखकर केएमपी फ्लाईओवर से कूद गया। जिससे उसके पैर में फ्रैक्चर हो गया। आरोपी की पहचान गांव मुरादबांस जिला नूंह निवासी मोहम्मद सलीम के रूप में हुई। पुलिस ने आरोपी को अस्पताल में भर्ती कराकर उसके पास से एक पिस्तौल, एक जिंदा कारतूस और एक बाइक बरामद कर उसके खिलाफ फर्रुखनगर थाने में मामला दर्ज कर लिया है। अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद पुलिस आरोपी से आगे की पूछताछ करेगी।