Haryana Weather: हरियाणा में मानसून सक्रिय है। आज और कल 2 दिन तक राज्य में लगातार बारिश की संभावना है। मौसम विभाग ने आज 12 जिलों में येलो अलर्ट जारी किया है। इनमें यमुनानगर, करनाल, पानीपत, सोनीपत, चरखी दादरी, गुरुग्राम, झज्जर, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, पलवल, फरीदाबाद और मेवात शामिल हैं। इन जिलों में गरज और बिजली के साथ भारी बारिश हो सकती है। 28 जुलाई को 8 जिलों के अधिकांश हिस्सों में बारिश होगी। इनमें चरखी दादरी, झज्जर, गुरुग्राम, फरीदाबाद, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, मेवात और पलवल शामिल हैं।
आपको बता दें कि कल पूरे राज्य में मानसून सक्रिय रहा और कई जिलों में हल्की बारिश हुई। इस मानसून में अब तक सबसे कम बारिश कैथल (95.9 मिमी) और जींद (104.1 मिमी) में हुई है। वहीं, सबसे ज्यादा बारिश यमुनानगर में हुई है। इस मानसून सीजन में अब तक हरियाणा में औसतन 211.7 मिमी बारिश दर्ज की गई है। इस बार हरियाणा में ज़्यादा बारिश हुई। पिछले 24 घंटों में मौसम में आए बदलाव की बात करें तो राज्य भर में अधिकतम तापमान में उतार-चढ़ाव देखा गया। सबसे ज़्यादा बढ़ोतरी सिरसा के तापमान में हुई। हरियाणा के अधिकतम तापमान में सबसे ज़्यादा गिरावट अंबाला में दर्ज की गई।