हरियाणा Haryana : हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष हरविंदर कल्याण ने मंगलवार को मानेसर स्थित आईसीएटी परिसर का दौरा कर 3 व 4 जुलाई को आयोजित होने वाले देश के पहले राष्ट्रीय शहरी स्थानीय निकाय सम्मेलन की तैयारियों की समीक्षा की। सम्मेलन स्थल पर पहुंचने के बाद कल्याण ने पार्किंग, खाद्य प्रबंधन, यातायात प्रबंधन, आगमन व निकासी मार्ग, बैठने की व्यवस्था, कार्यक्रम प्रबंधन, लिफ्ट क्षमता व टेस्टिंग जैसे सभी पहलुओं की विस्तार से समीक्षा की। विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि
यह हरियाणा के लिए गौरव की बात है कि राज्य को राष्ट्रीय स्तर के सम्मेलन की मेजबानी करने का अवसर मिला है। सम्मेलन के दौरान देश भर के विभिन्न राज्यों से आने वाले प्रतिनिधियों को हरियाणवी संस्कृति से परिचित कराया जाएगा। हर राज्य के प्रतिनिधियों का हरियाणवी परंपरा के अनुसार स्वागत किया जाएगा। सम्मेलन स्थल पर उन्हें आवश्यक जानकारी देने के लिए हेल्पडेस्क स्थापित किए जा रहे हैं। सम्मेलन के माध्यम से हरियाणा को अपनी प्रशासनिक दक्षता, सांस्कृतिक पहचान व बेहतरीन नगर प्रबंधन को प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा। डीसी अजय कुमार ने कहा कि आयोजन से संबंधित सभी प्रमुख तैयारियां पूरी कर ली गई हैं, तथा शेष तकनीकी व्यवस्थाएं भी समय पर पूरी कर ली जाएंगी।