Haryana हरियाणा: राखी से ठीक एक दिन पहले कुरुक्षेत्र के बापड़ी गांव में मातम का माहौल पसर गया है। हुआ यूं कि शुक्रवार देर शाम लाडवा में लाडवा-हिनौरी मार्ग पर स्थित पश्चिमी यमुना नहर में नहाते समय दो युवक तेज बहाव में बह गए। देर रात तक दोनों का कोई सुराग नहीं लग पाया। घटना की सूचना मिलते ही लाडवा पुलिस मौके पर पहुंची और तलाशी अभियान शुरू किया, लेकिन पानी का बहाव तेज होने के कारण सफलता नहीं मिली।
थाना प्रभारी सुनील वत्स ने बताया कि युवकों की पहचान प्रदीप (निवासी बापड़ी) और साहिल (निवासी बापड़ी) के रूप में हुई है। बताया जाता है कि प्रदीप और साहिल अपने तीसरे दोस्त कुलदीप के साथ मोटरसाइकिल पर दोपहर करीब ढाई बजे नहर किनारे पहुंचे थे। तीनों वहीं बैठकर शराब पी रहे थे। इस दौरान प्रदीप और साहिल नहर में नहाने के लिए उतर गए, जबकि कुलदीप किनारे बैठकर कैन से नहा रहा था। कुछ ही पल में दोनों पानी के तेज बहाव में बह गए। कुलदीप ने चिल्लाकर आस-पास के लोगों को बुलाया और डायल-112 पर सूचना दी। थाना प्रभारी सुनील वत्स ने बताया कि पुलिस ने मौके से युवक के कपड़े और मोटरसाइकिल जब्त कर जांच शुरू कर दी है। गोताखोरों की मदद से तलाश जारी है।
घटना के बाद बापड़ी गांव में मातम का माहौल है। प्रदीप चार भाई-बहनों में सबसे छोटा था। उसकी दो बहनों की शादी हो चुकी है, जबकि एक भाई की पहले ही मौत हो चुकी है। प्रदीप के तीन बच्चे हैं- एक बेटी और दो बेटे। उसकी बहन रानी रक्षाबंधन पर राखी बांधने मायके आई थी, लेकिन भाई के पानी में बह जाने के बाद उसका रो-रोकर बुरा हाल है। साहिल अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था और अविवाहित था। उसकी करीब 6 साल की एक छोटी बहन थी, जिसे राखी बांधने की तैयारी थी। बेटे की मौत से माता-पिता का रो-रोकर बुरा हाल है।