Haryana हरियाणा: राष्ट्रीय राजमार्ग-152डी पर रानीला विश्राम क्षेत्र के पास मंगलवार शाम कांवड़ियों से भरी एक पिकअप को पीछे से आ रहे एक ट्रक ने टक्कर मार दी। हादसे में 12 शिवभक्त घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए दादरी सिविल अस्पताल लाया गया। हादसे का कारण ट्रक की तेज रफ्तार बताया जा रहा है और बौंदकलां थाना पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, राजस्थान के झुंझुनू जिले के सुल्ताना अहीर गांव के पिकअप सवार युवक हरिद्वार से डाक कांवड़ लेकर लौट रहे थे। शाम 5 बजे जब वे रानीला विश्राम क्षेत्र के पास पहुंचे तो पीछे से तेज रफ्तार में आ रहे एक ट्रक ने उनकी पिकअप को टक्कर मार दी। हादसे में पिकअप बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार 12 कांवड़िये घायल हो गए। वहीं, घायल कांवड़ियों को लोगों की मदद से उपचार के लिए दादरी सिविल अस्पताल लाया गया। हादसे के वक्त पिकअप में 18 कांवड़िये सवार थे। बौंदकलां थाना पुलिस और एनएचआई की टीम मौके पर पहुंची और क्षतिग्रस्त वाहनों को एक तरफ करवाया। पुलिस टीम ने मामले में कार्रवाई शुरू कर दी है।