Haryana: हत्यारा निकला अपना ही खून, बेटे ने माता-पिता को दी दर्दनाक मौत
Haryana हरियाणा: हरियाणा के करनाल में रिश्ते तार-तार हो गए। यहां कमालपुर रोड़ान गांव में संपत्ति विवाद के चलते बेटे ने अपने माता-पिता की हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी बेटे हिम्मत सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। हत्या करने के बाद बेटे ने अपने माता-पिता के शवों को नहर में फेंक दिया। अब पुलिस ने मां का शव बरामद कर लिया है, जबकि पिता के शव की तलाश की जा रही है।
आपको बता दें कि कमालपुर रोड़ान गांव निवासी जरनैल सिंह ने घटना की शिकायत दी थी कि 15 मार्च को उसे पड़ोसी के जरिए पता चला कि उसका भाई महिंद्र सिंह और उसकी भाभी बाला देवी घर पर नहीं हैं और गेट पर ताला लगा हुआ है। उसने सभी रिश्तेदारों से पूछताछ की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली। जब उसने घर में जाकर देखा तो ताले लगे हुए थे और गैलरी में खून के निशान मिले। इंद्री थाना पुलिस ने मामले की गहनता से जांच शुरू की और आसपास के इलाके के सीसीटीवी फुटेज चेक किए गए। इस दौरान टीम को कई सबूत मिले और वह आरोपी तक पहुंच गई।
आरोपी से प्रारंभिक पूछताछ और अन्य जानकारी के आधार पर जांच में पता चला है कि उसका अपने पिता से अनबन और संपत्ति विवाद चल रहा था। रंजिश के चलते उसने 13 मार्च की मध्य रात्रि को अपने गांव जाकर अपने माता-पिता की हत्या कर दी और उनके शवों को नहर में फेंक दिया। बाला देवी का शव बरामद कर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी कर ली गई है, जबकि महेंद्र की तलाश अभी जारी है। पुलिस कार्रवाई में जुटी हुई है।