Haryana हरियाणा: सोनीपत में आज दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां भाई ने अपनी बहन को गोली मारकर मौत के घाट उतार दिया। गांव बड़वासनी निवासी परमजीत ने अपनी बड़ी बहन प्रीति को 5 गोलियां मारी, जिससे प्रीति की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना पाकर सोनीपत पुलिस और सदर थाना पुलिस के आला अधिकारी मौके पर पहुंचे और मामले की गंभीरता से जांच शुरू कर दी। इस घटना से आसपास के लोगों में सनसनी फैल गई। जानकारी के अनुसार प्रीति की शादी करीब 4 साल पहले पानीपत के छाजू गढ़ी गांव में हुई थी, शादी के बाद उसका एक बेटा भी है।
वह करीब 1 महीने से अपने मायके गांव बड़वासनी में अपने माता-पिता के घर रह रही थी। बुधवार दोपहर उसका और उसके भाई परमजीत का किसी बात पर झगड़ा हो गया, तो प्रीति भाई से बचने के लिए गली में भागने लगी। बहन जब भाग रही थी तो भाई परमजीत ने पीछे से उस पर गोलियां चला दीं। आरोपी ने बहन को एक के बाद एक 5 गोलियां मारी, जिससे बहन की मौके पर ही मौत हो गई।
इस हत्या की सूचना मिलने के बाद सोनीपत पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी, सदर थाना पुलिस और एफएसएल टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल भिजवाया और पुलिस ने मामले की गंभीरता से जांच शुरू कर दी है। डीसीपी कुशाल सिंह ने बताया कि हमें गांव बड़वासनी में एक महिला की हत्या की सूचना मिली थी। फिलहाल पुलिस हर एंगल से मामले की जांच कर रही है।