Haryana हरियाणा: यमुनानगर के बुढ़िया चनेटी रोड पर सैनी फार्म के पास सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब एक अज्ञात महिला का शव नेपियर घास के खेत में पड़ा मिला। यह घटना तब सामने आई, जब सैनी फार्म में रहने वाली कुछ महिलाएं रोजाना की तरह सुबह घास काटने पहुंचीं। उन्होंने खेत में शव पड़ा देखा और तुरंत गांव में जाकर अन्य ग्रामीणों को इसकी सूचना दी।
सूचना मिलने के बाद सैनी माजरा निवासी राजीव कुमार ने स्थानीय पुलिस को मामले की सूचना दी। बुढ़िया पुलिस और फोरेंसिक टीम समेत कई अधिकारी मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। महिला की उम्र 30 से 35 साल के बीच आंकी जा रही है, लेकिन अभी तक उसकी पहचान नहीं हो पाई है।
पुलिस के मुताबिक, महिला की पहचान छिपाने के उद्देश्य से उसके चेहरे पर धारदार हथियार से कई वार किए गए हैं, जिससे उसका चेहरा बुरी तरह क्षत-विक्षत हो गया है। इसके अलावा गर्दन पर भी गहरा घाव मिला है, जिससे प्रथम दृष्टया हत्या की आशंका जताई जा रही है।
स्थानीय लोगों के अनुसार महिला के हाथ में लाल चूड़ा भी मिला है, जिससे पता चलता है कि वह शादीशुदा थी। थाना प्रभारी नरसिंह ने बताया कि महिला की पहचान के लिए पुलिस आसपास के इलाकों में पूछताछ कर रही है। ग्रामीणों से भी बात की जा रही है, ताकि महिला के बारे में कुछ जानकारी मिल सके। यमुनानगर के बुढ़िया थाना प्रभारी नरसिंह का कहना है कि इस मामले में हत्या का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। उन्होंने बताया कि महिला का चेहरा बुरी तरह कुचला हुआ है। सभी थानों को भी सूचना दे दी गई है, ताकि उस थाने की कोई महिला लापता हो तो वे भी आकर उसकी पहचान कर सकें। लेकिन अभी तक पुलिस मृतका की पहचान करने में सफल नहीं हो पाई है।