Haryana हरियाणा: शनिवार सुबह जींद में घने कोहरे के कारण एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते बचा। बहुत कम विजिबिलिटी के कारण कंडेला गांव के पास दो बसें और तीन ट्रक आपस में टकरा गए। गनीमत रही कि हरियाणा रोडवेज बस और स्कूल बस में सवार सभी यात्री और बच्चे सुरक्षित रहे। हादसे में एक ट्रक ड्राइवर के घायल होने की खबर है।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, इलाके में कोहरा इतना घना था कि विजिबिलिटी 10 मीटर से भी कम हो गई थी। इसी दौरान कंडेला के पास सड़क पर दो ट्रक आपस में टकरा गए। टक्कर के बाद ट्रक सड़क पर रुक गए। पीछे से आ रही हरियाणा रोडवेज की बस समय पर रुके हुए ट्रकों को देख नहीं पाई और उनसे टकरा गई। इससे गाड़ियों का ढेर लग गया और ट्रैफिक जाम हो गया।
इसी बीच, दलालवाला पब्लिक स्कूल की एक बस भी मौके पर पहुंची। कोहरे और पहले से हादसे में शामिल गाड़ियों के कारण ड्राइवर स्थिति का ठीक से अंदाज़ा नहीं लगा पाया और स्कूल बस रुके हुए ट्रकों में से एक से टकरा गई। हादसे के समय स्कूल बस में बच्चे सवार थे, लेकिन ड्राइवर की सूझबूझ और कम स्पीड के कारण एक बड़ा हादसा टल गया। बताया जा रहा है कि सभी बच्चे पूरी तरह सुरक्षित हैं।हादसे में एक ट्रक ड्राइवर घायल हो गया और स्थानीय लोगों की मदद से उसे तुरंत इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और ट्रैफिक को संभाला। क्षतिग्रस्त गाड़ियों को क्रेन की मदद से सड़क से हटाया गया, जिसके बाद ट्रैफिक सामान्य हो गया।