Haryana: डिवाइडर से जा टकराई प्लेवे स्कूल की बस, 5 बच्चे व 10 अध्यापक घायल
Haryana हरियाणा: नागरी गांव के पास बुधवार दोपहर टायर फटने से एक स्कूल की मिनी बस अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई, जिससे 5 बच्चे और 10 अध्यापक घायल हो गए। इस हादसे में मिनी बस का चालक भी घायल हुआ है। घायलों में से 2 बच्चों को गंभीर चोटें आई हैं। जानकारी के अनुसार, नागरी गांव के एक प्लेवे स्कूल की मिनी बस दोपहर को बच्चों और स्कूल स्टाफ को लेकर गांव से जींद की तरफ आ रही थी। मिनी बस में करीब 17 बच्चे और स्टाफ सदस्य बैठे हुए थे। नागरी गांव से निकलते ही धमाके के साथ मिनी बस का टायर फट गया।
जिससे स्कूल बस अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। जिससे स्कूल बस का आगे का शीशा टूट गया। इस हादसे से मिनी बस में बैठे बच्चों में चीख पुकार मच गई। हादसा देख आसपास के लोग बचाव के लिए दौड़े और बस के अंदर बैठे बच्चों और स्टाफ अध्यापकों को मिनी बस से बाहर निकाला। बस का शीशा टूटकर कई बच्चों के सिर और चेहरे पर लग गया। जिससे बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए। बच्चों के साथ-साथ कई अध्यापक भी गंभीर रूप से घायल हो गए।
सभी घायलों को उपचार के लिए नगरू सीएचसी ले जाया गया। लेकिन सीएचसी में स्टाफ की कमी के कारण उचित उपचार संभव नहीं हो सका। इसलिए मौके पर पहुंचे स्कूल प्रबंधन के सदस्यों ने सभी घायलों को उपचार के लिए जींद के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां घायलों का उपचार किया गया।
शाम तक घायल अध्यापकों व कुछ बच्चों को छुट्टी दे दी गई, जबकि 3 बच्चों को गंभीर चोटें आने के कारण भर्ती किया गया। अभी तक अभिभावकों की ओर से स्कूल प्रबंधन या चालक के खिलाफ कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है।