Haryana हरियाणा : हरियाणा में मानसून ने दस्तक दे दी है। तय समय से 5 दिन पहले ही मानसून ने दस्तक दे दी है। राज्य में मानसून के आगमन की सामान्य तिथि 29 जून है। आज राज्य के अंबाला, पंचकूला और यमुनानगर जिलों में भारी बारिश का अलर्ट है। वहीं, यमुनानगर, करनाल, पानीपत और हिसार में सुबह से ही बारिश हो रही है। पिछले 24 घंटे में राज्य में औसतन 5.9 एमएम बारिश दर्ज की गई। सबसे ज्यादा बारिश कुरुक्षेत्र में हुई। दिन का औसत तापमान 1.6 डिग्री कम होकर सामान्य से 4.3 डिग्री कम हो गया।
बदलते मौसम ने हरियाणा के लोगों को राहत दी है। कल हरियाणा के अधिकतर जिलों का अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज किया गया। सिरसा 38.6 डिग्री सेल्सियस के साथ सबसे गर्म रहा, जबकि करनाल में सबसे कम तापमान 30.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार मानसून सीजन में सामान्य बारिश 438 एमएम होती है। इस बार 114% यानी 475 मिमी बारिश की उम्मीद है। 1 से 24 जून तक 38.7 मिमी बारिश रिकार्ड की गई है।
राज्य में कल करनाल, कुरूक्षेत्र, यमुनानगर, अंबाला और पंचकुला में 75-100% बारिश होने की उम्मीद है, जबकि अन्य जिलों में 50-75% बारिश होने की उम्मीद है. 27 तारीख को गुरुग्राम, फ़रीदाबाद, पलवल, मेवात, रेवारी, महेंद्रगढ़, सिरसा और फ़तेहाबाद में 50-75% बारिश की उम्मीद है. 28 तारीख को सिरसा, फ़रीदाबाद, पलवल, रोहतक, सोनीपत, पानीपत, जिंद, कैथल, कुरूक्षेत्र, करनाल में 25-50% बारिश की उम्मीद है. पंचकुला, अंबाला, यमुनानगर, फतेहाबाद, हिसार, भिवानी, चरखी दादरी, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, झज्जर, गुरुग्राम और मेवात में 50-75% बारिश की उम्मीद है।