Haryana हरियाणा: सोनीपत के गोहाना में पानीपत रोड पर ट्रक यूनियन के पास एक बड़ी घटना सामने आई है। कार सवार बदमाशों ने दो टूरिस्ट बसों को रुकवाया। उन्होंने बस चालकों के साथ मारपीट की और यात्रियों को जान से मारने की धमकी दी।
थाना सिटी गोहाना के एएसआई संदीप कुमार रात 10:30 बजे गश्त पर थे। उन्होंने देखा कि ट्रक यूनियन के पास दो टूरिस्ट बसें खड़ी थीं। बसों का नंबर BR46P6179 और AR01T1751 था। बसों के आगे एक कार (HR11M0187) खड़ी थी। कार में सवार 2-3 लोग बस चालकों के साथ मारपीट कर रहे थे। बदमाशों ने बसों की खिड़कियों के शीशे तोड़ दिए। वे यात्रियों के साथ अभद्र व्यवहार कर रहे थे। एएसआई के मौके पर पहुंचने से पहले ही बस चालक अपनी बसें लेकर भाग गए। कार में सवार बदमाश भी भाग गए। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपियों के खिलाफ धारा 3(5), 115(2), 324(4), 351(3), 126(2), 79 बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर लिया है। विशेष जांच अधिकारी नियुक्त कर दिया गया है। पुलिस आरोपियों की पहचान के लिए आस-पास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। इलाके में गश्त बढ़ा दी गई है। पुलिस ने आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने का आश्वासन दिया है।